कस्बे में इन दिनों लगातार चोरियों का सिलसिला जारी है। कस्बे के वार्ड 3 सेवाराम की ढाणी में 2 सूने मकानों से चोरों ने लाखों रुपए का माल साफ कर दिया। वहीं 2 बाइक पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में भय व आक्रोश बना हुआ है। कस्बे में पिछले चार दिनों में चार चोरियां हो चुकी है। जिसमें दो बाइक चोरी भी शामिल है। कस्बे में वार्ड 3 सेवाराम की ढाणी में दो सूने मकानों से चोरों ने लाखों के जेवरात व नगदी की चोरी कर ली। सेवाराम की ढाणी के राजाराम जो कश्मीर में सीआरपीएफ में तैनात है। जवान की पत्नी सुमन ने बताया की वो 29 दिसंबर को अपने पीहर कुचामन गई थी। 7 जनवरी को वापस अपने घर आई तो देखा कि मैन गेट के दरवाजे पर ताला लगा हुआ है। लेकिन अंदर जाली के गेट का ताला टूटा हुआ था। कमरे के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। कमरे में बेड पर सामान बिखरा हुआ था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सुमन ने बताया कि अलमारी में सोने का हार, मंगलसूत्र, दो चूड़ी, दो अंगूठी, दो जोड़ी पायजेब, हाथ के कड़े, बच्चों के गुल्लक में रखे रुपए चोरों ने चुरा लिए। चोरी की घटना की सूचना मिलते ही वार्ड में चर्चा शुरू हो गई। तब पड़ोस में रह रहे विजय कुमार के घर को भी पड़ोसियों ने देखा जो भी बंद था। बंद मकान में देखा तो उसके भी ताले टूटे हुए थे। घटना की सूचना विजय की पत्नी इंदु को दी। जो 30 दिसबर को अपने पीहर गई हुई थी। इंदु ने आकर घर संभाला तो घर के ताले टूटे हुए थे सामान बिखरा पड़ा था। जिसकी सूचना पुलिस को दी। इंदु ने बताया कि करीब पांच लाख रुपए का जेवराती सोना- चांदी सहित नगदी चोरों ने चुरा ली। वहीं फतेहसागर तालाब के सामने से शाम को रौनक चौमाल पुत्र नवीन कुमार की बाइक व तिराहा बस स्टैंड से भी एक बाइक चोरी होने की सूचना मिली। कस्बे में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में आक्रोश है। एसएचओ हेमराज मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


