धार में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी ने बुधवार को शिक्षा से संबंधित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने नए बच्चों के प्रवेश और ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल में दाखिल कराने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ चौधरी ने जिला अंतर्गत ड्रॉपआउट बच्चों के प्रवेश, ऑनलाइन स्पॉट प्रवेश और 3 से 6 वर्ष के बच्चों के आंगनवाड़ी में प्रवेश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों की ‘हमारा शिक्षक ऐप’ और ई.एच.आर.एम.एस. पोर्टल पर ई-अटेंडेंस तथा छात्रावासों में ‘परख ऐप’ के माध्यम से निरीक्षण की सतत निगरानी के निर्देश दिए। चौधरी ने समेकित छात्रवृत्ति योजना और एमपीटॉस पोर्टल पर दी जाने वाली छात्रवृत्ति की भी समीक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं का प्रोफाइल पंजीकरण शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए सीईओ चौधरी ने दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने और रेमेडियल क्लासेस अनिवार्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र को शाला त्यागी बालिकाओं को चिह्नित कर उनकी सूची महिला एवं बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें व्यवसायिक प्रशिक्षण से जोड़ा जा सके। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को शत-प्रतिशत निराकृत करने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, प्राचार्य डाईट, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड स्त्रोत समन्वयक और विशिष्ट संस्थाओं के प्राचार्य उपस्थित रहे।


