सीईओ ने निर्माणाधीन आवासों को समय के भीतर पूरा करने दिए निर्देश

भास्कर न्यूज | कोंडागांव प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत विशेष परियोजना के स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा बैठक जिला पंचायत सभा कक्ष में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिपं सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कराने तथा लंबित आवासों में निर्माण गति तेज करने पर विशेष जोर दिया। तकनीकी सहायकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने आवंटित ग्राम पंचायतों में नियमित भ्रमण कर हितग्राहियों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का मैदानी स्तर पर तुरंत समाधान करें। साथ ही हितग्राहियों को निर्माण सामग्री समय पर उपलब्ध कराने एवं कार्य में गति लाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि विशेष परियोजना मद से आत्मसमर्पित एवं नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। जिपं सीईओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जिले में स्वीकृत निर्माणाधीन आवासों को लक्ष्यानुसार समय पर पूर्ण करने एवं प्रगति को तीव्र गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण की प्रगति कम है, वहां सीईओ जनपद पंचायत, एसडीओ आरईएस एवं ब्लाक समन्वयक द्वारा स्थल निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *