जालंधर | शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया सोमवार को जालंधर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में अकाली वर्करों ने पीएपी चौक से लेकर लम्मा पिंड तक उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत करते हुए मजीठिया ने लक्की ओबराय के कत्ल मामले पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सीएम के साथ रहने वाला व्यक्ति नहीं बचा पाए तो पंजाब के आम नागरिक का क्या हाल होगा। मजीठिया ने कहा कि पंजाब बॉर्डर स्टेट है और यहां के डीजीपी सरकार के पोस्टर बॉय बने हैं। यहां पर परमानेंट डीजीपी की जरूरत है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-अकाली दल के गठबंधन पर सवाल को मजीठिया ने हंसी में टालते हुए कहा कि इस सवाल का जवाब जालंधर के पीएपी चौक में नहीं दिया जा सकता। मजीठिया ने कहा कि पुलिस कह रही है कि 5 हजार लोग पकड़ लिए हैं, यह भी झूठ है। इसकी तफ्तीश की जाए तो सच्चाई सामने आएगी कि ये कौन लोग हैं। पंजाब के हर थाने को टारगेट दिया गया है कि कितने लोग पकड़ने हैं। पंजाब के डीजीपी कह रहे हैं कि बॉर्डर पार से हथियारों की तस्करी बढ़ी है। मैं पूछना चाहता हूं कि पंजाब के डीजीपी कहां सोए हुए थे।


