हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार शाम कांगड़ा स्थित बाण गंगा घाट पर सायंकालीन आरती की। उन्होंने इस अवसर पर नवनिर्मित बाण गंगा घाट और नियमित शाम की आरती व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ किया। मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाण गंगा घाट के सौंदर्यीकरण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय निवासियों को भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को लगातार बनाए रखा जाए। इस कार्यक्रम में खेल एवं आयुष मंत्री यादविंदर गोमा, विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, कमलेश ठाकुर, चेयरमैन डॉ. राजेश शर्मा, मनोज गद्दी, निशु मोंगरा, वाइस चेयरमैन अजय वर्मा और पूर्व उम्मीदवार देवेंद्र जग्गी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


