भास्कर न्यूज | जांजगीर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति द्वारा आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा 2025 के लिए तैयार किए गए संदर्भ ग्रंथ ‘गाय धर्म और विज्ञान’ के नवीनतम संस्करण का विमोचन अपने निवास कार्यालय में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में किया। इस अवसर पर गौ माता के तैल चित्र पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया, जिसे अमित पाण्डेय ने मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। मुख्यमंत्री साय ने ग्रंथ को गौ विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं समाज के लिए उपयोगी बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ज्ञानवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो विद्यार्थियों को भारतीय परंपरा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण दोनों से समृद्ध करेगी। ग्रंथ के संपादक सुबोध राठी ने जानकारी दी कि पुस्तक में गाय की उत्पत्ति से जुड़े पौराणिक तथ्यों के साथ-साथ दूध, दही, घी, गोबर एवं मूत्र पर किए गए विभिन्न वैज्ञानिक शोधों को प्रमाणों सहित सरल और व्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही गौ-आधारित कृषि, पंचगव्य उत्पादों का वैज्ञानिक विश्लेषण और गाय के पर्यावरणीय महत्व को भी विस्तार से शामिल किया गया है। विमोचन कार्यक्रम में गौ विज्ञान परीक्षा के प्रांत संयोजक अन्ना सपारे, राज्य उप प्रमुख मनोज पाण्डेय, हार्दिक कोटक, मनमत शर्मा, दुलार सिंह, हेमराज सोनी, विक्रम केवलानी, अनुज तुलावी, रेवा यादव, विक्रांत शर्मा, श्याम अड़ेपवार, शंभू दास महंत सहित संपादक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। राज्य प्रमुख मनोज पाण्डेय ने बताया कि ग्रंथ का वितरण छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में विद्यार्थियों को किया जाएगा। इसी ग्रंथ पर आधारित गौ विज्ञान परीक्षा 19 जनवरी को प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में एक साथ आयोजित की जाएगी।


