सीएम ने मंच पर भाजपा विधायक को दिखाया जादू:विजयवर्गीय का दिग्विजय के लिए प्रेम फिर उमड़ा; भव्य स्वागत कराकर नेता का सादगी संदेश

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। जिले की मांग, फिर सीएम ने दिखाया जादू
रतलाम जिले के जावरा में भाजपा विधायक राजेंद्र पांडे ने जब सीएम से जावरा को जिला बनाने की मांग की तो उन्होंने विधायक को मंच पर ही जादू दिखा दिया। सीएम ने विधायक से जावरा से इंदौर और उज्जैन की दूरी पूछी। फिर 185 किलोमीटर दूर इंदौर और 102 किलोमीटर दूर उज्जैन को लेकर कहा कि ये दोनों शहर अब यहां 20 किलोमीटर दूर भी नहीं है। ये सुनकर सब हैरान हो गए। फिर मुख्यमंत्री ने कहा कि देखो अब हमारा जादू। मैं जो कह रहा हूं, गलत नहीं कह रहा हूं। इंदौर और उज्जैन मेट्रोपॉलिटिन सिटी आपके पास ले आए है। जोरदार अभिनंदन करो। दरअसल, इंदौर और उज्जैन मेट्रोपॉलिटन एरिया में रतलाम जिले से जुड़े इलाके भी शामिल हैं। अब लोग कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री तो वाकई में जादूगर निकले। जिला की मांग करने वाले विधायक जी भी खुश हो गए और पब्लिक ने भी तालियां बजा दी। हालांकि विपक्ष सीएम के इस जादू पर परेशान है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूछा है कि दूरी कम करने की कौन सी टेक्नोलॉजी सीएम के हाथ लग गई है। इस पर तो ऑक्सफोर्ड और हार्वर्ड जैसे संस्थानों को भी शोध करना चाहिए। सीएम ने बताई अफीम की भाजी की महिमा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम के जावरा में ही मंच पर अफीम की भाजी की महिमा बताई। उन्होंने कहा- अभी तो अफीम की भाजी का समय है। फिर कहा- अफीम मतलब वो मत मान लेना। यहां एक फसल होती है। चने की भाजी, मैथी की भाजी, ऐसी ही वो भाजी पत्ते वाली होती है। सीएम को बताना पड़ा कि वो पत्ते वाली अफीम की भाजी की बात कर रहे हैं। वैसे अफीम की भाजी हर कोई जानता है। फिर सीएम ने उसका मतलब क्यों स्पष्ट किया। लोग कह रहे हैं कि कहीं ये ‘गुड़ की खेती’ वाला इफैक्ट तो नहीं। अगर ऐसा है तो ये वहीं बात हो गई कि दूध का जला छाछ को भी फूंक-फूंककर पीता है। सीएम ने आगे कहा- क्या भाजी बनाते हो और क्या भाजी खिलाते हो। ऐसा लगता है कि लोग दूर-दूर से, कोई अमेरिका-इंग्लैंड से भी आए तो इसे खाने से चूकते नहीं हैं। हम भी जाएंगे तो टिफिन में रख देना। दो रोटी के साथ जरूर खाना पड़ेगी। नेता जी ने दिखाया कथनी और करनी का अंतर
भाजपा युवा मोर्चा के नए नवेले प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का रतलाम में जिस तरह भव्य स्वागत हुआ है। उसे देकर भाजपा के सादगी वाले दावे पर सवाल उठने लगे हैं। नेता जी का जो स्वागत हुआ, वैसा तो कभी सीएम का भी नहीं हुआ। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के लिए कालीन बिछाया गया। बड़ी-बड़ी जेसीबी से फूल बरसाए गए। क्रेन से बड़ी माला पहनाई गई। ढोल-ढमाके के साथ पगड़ी पहनाई गई। गदा थमाई गई। इस पर नेता जी के उच्च विचार सुनिए। उन्होंने कहा- मैंने दिखावे की संस्कृति का विरोध किया है। कार्यकर्ता भी गुलदस्ता और भेंट लेकर मिलने आते हैं तो मैंने उन्हें भी ऐसा करने मना किया है। नेता जी ने कहा कि दिखावा भाजपा की कार्य संस्कृति का हिस्सा कभी नहीं रहा। अब नेता जी कुछ भी कहे। लोग कह रहे हैं कि स्वागत के जो भव्य नजारे दिखे और नेता जी का जो ज्ञान सुना। उससे उनकी कथनी और करनी का अंतर साफ झलक रहा है.. सरदार पटेल से कर दी दिग्विजय सिंह की तुलना
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का दिग्विजय के लिए प्रेम फिर उमड़ पड़ा है। इतना कि दिग्विजय सिंह की तुलना सरदार वल्लभ भाई पटेल से कर दी।
विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर लिखा- लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन सच कहने का साहस भी होना चाहिए जो हर किसी में नहीं होता। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आरएसएस की तारीफ करके अपने साहसी होने का परिचय दिया है। विजयवर्गीय ने आगे कहा- हालांकि इससे दिल्ली दरबार में उनके नंबर अवश्य कम हुए होंगे, पर दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के अंदर 50 के दशक के नेता सरदार पटेल और अन्य नेताओं की उस परंपरा पर चलने का काम किया है जो सच कहने की हिम्मत रखते थे। यही लोकतंत्र की असली खूबसूरती है। बता दें कि इससे पहले विजयवर्गीय ने विधानसभा के विशेष सत्र में आन रिकॉर्ड दिग्विजय सिंह की तारीफ की थी। जिस पर दिग्विजय सिंह ने उन्हें कलाकार कहकर धन्यवाद दिया था। अब जबकि दिग्विजय सिंह ने मोदी का पुराना फोटो शेयर कर भाजपा संगठन की तारीफ की है। विजयवर्गीय ने दिग्विजय को साहसी कहा है। अब लोग तो ये पूछ रहे हैं कि एक-दूसरे की तारीफ का विजयवर्गीय और दिग्विजय का ये रिश्ता आखिर क्या कहलाता है। इनपुट सहयोग – केके शर्मा (रतलाम), विजय सिंह बघेल (भोपाल) ये भी पढ़ें –
कोबरा को शराब दुकान पर छोड़ गया शराबी सपेरा: भाजपा संगठन की तारीफ, फिर ऐसा दौड़े दिग्विजय कि जूता खुला मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कुछ ऐसा कर दिया, जो उनके नेचर के बिल्कुल उलट है। हां, भाजपा संगठन की तारीफ कर दी। वो भी पीएम मोदी और भाजपा के पितृ पुरुष लालकृष्ण आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर शेयर करके। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *