सीएम ने राजस्थान मूल के अधिकारियों से किया संवाद:कहा-ये अधिकारी राज्य सरकार और प्रवासी राजस्थानियों के बीच एक मजबूत सेतु

जयपुर में अगले सप्ताह आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस को लेकर आज सीएम भजनलाल शर्मा ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए अन्य राज्यों के राजस्थान मूल के अखिल भारतीय और विभिन्न केन्द्रीय सेवा अधिकारियों से संवाद किया। इस मौके पर उन्होने राजस्थान मूल के अधिकारियों को आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस मे शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राजस्थान को निवेश का हब बनाने में आपकी अहम भूमिका है। आपके अनुभव, सुझाव और संपर्क राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं। सीएम ने कहा कि क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है। राज्य में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उद्यमियों को राजस्थान में निवेश के लिए करें प्रोत्साहित
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों में पदस्थापित राजस्थानी मूल के अधिकारियों का अपनी कर्मभूमि के साथ ही जन्मभूमि से भी भावनात्मक जुड़ाव रहता है। इन अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न नवाचार किए हैं। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी राज्य सरकार और प्रवासी राजस्थानियों के बीच एक मजबूत सेतु हैं। उन्होंने इन अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रवासी राजस्थानी, उद्यमियों और निवेशकों को राजस्थान में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करें। प्रवासी राजस्थानियों ने विश्वपटल पर बनाई अपनी पहचान
सीएम ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों ने मेहनत और उद्यमशीलता से विश्वपटल पर अपनी पहचान बनाई है। इन्होंने देश-विदेश में राजस्थान का मान-सम्मान बढ़ाया है। हमारी सरकार प्रवासी राजस्थानियों को मातृभूमि से जोड़ने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। इनके हितों और उनसे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए एक विशेष प्रवासी राजस्थानी विभाग का गठन किया गया है। बैठक में मुख्य सचिव वी श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *