सीएम बोले-चुनौती को जीतने वाले महावीर हैं दिव्यांग:साइकिल वितरण कार्यक्रम में हुए शामिल, अष्टावक्र, स्वामी रामभद्राचार्य का किया जिक्र

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार को सामाजिक न्याय और नि:शक्तजन विभाग के कार्यक्रम में शामिल हुए। संचालनालय में अस्थि बाधित दिव्यांगजनों को नि:शुल्क साइकिल वितरण के मौके पर सीएम ने दिव्यांगजनों को ‘महावीर’ बताया। सीएम ने कहा- जन्म लेने के बाद हमारे लिए जरूरी है किआने वाली चुनौतियों से अपना मार्ग बनाएं। मार्ग बनाकर विजेता के रूप में आएं। इसके लिए भगवान ने मौका दिया है। दिव्यांगजनों के इस कष्ट का निदान परमात्मा के पास मिलता है। परमात्मा ने मानव जीवन के साथ कुछ अलग चुनौती भी दी है। चुनौती का सामना वही करते हैं जो वीर होते हैं, महावीर होते हैं। हमारे दिव्यांग महावीर हैं। सीएम ने दिव्यांगों को पढ़ने के लिए बनाई गई ब्रेल लिपि की सराहना भी की। साथ ही कहा कि यह अकेले दिव्यांगजनों की भाषा नहीं है। सच तो यह है कि दुनिया भर के सारे देशों की सेनाएं रात में पढ़ने के लिए ब्रेल लिपि का उपयोग करती है। सीएम यादव ने कहा कि आज का कार्यक्रम आनंद लेने, एहसास करने का है। अष्टावक्र का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि उन्होंने अपने ज्ञान से अलग पहचान बनाई है। राजा जनक के दरबार में रहे और अपनी विद्वता से अलग पहचान बनाई। गीतकार रवीन्द्र जैन और जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य को भी अपने संबोधन के दौरान सीएम मोहन यादव ने याद करते हुए कहा कि इनके ज्ञान और गीत की बात अलग ही है। दिव्यांगों के साथ किया संवाद कार्यक्रम में अस्थि बाधित दिव्यांग जनों को साइकिल वितरण करने के साथ सीएम यादव ने साइकिल की तकनीक की भी सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल दिव्यांगजनों से संवाद भी किया। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग की पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष अशोक पांडेय और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *