बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में आज शाम 6:30 बजे राज्य युवा महोत्सव का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसका उद्घाटन करेंगे। तीन दिवसीय इस महोत्सव की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे, जिसमें प्रदेशभर से 3000 युवा 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस शुभारंभ समारोह में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की भी लॉन्चिंग की जाएगी, जिसका आयोजन छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार होगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राज्यपाल रमेन डेका 25 दिसंबर को समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करेगा राज्य युवा महोत्सव खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 के संदर्भ में इस राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान करना है। महोत्सव में कुल 14 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें आठ दलीय और छह एकल विधाएं शामिल हैं। दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी शामिल हैं। एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की पांच विधाओं – लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन – के विजेता प्रतिभागी नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रथम पुरस्कार 20 हजार और द्वितीय 15 हजार राज्य युवा महोत्सव में दलीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वालों को 20 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पाने वालों को 15 हजार रुपए और तृतीय स्थान पर रहने वालों को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। एकल प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पर आने वालों को 5 हजार रुपए, द्वितीय स्थान वालों को 3 हजार रुपए और तृतीय स्थान वालों को 2 हजार रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा, महोत्सव में भाग लेने वाले हर प्रतिभागी को 1 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। कुमार विश्वास का कविता पाठ, आरूग बैंड, मलखंभ का प्रदर्शन आज राज्य युवा महोत्सव में प्रतियोगिताओं के साथ-साथ मनोरंजक कार्यक्रम भी होंगे। आज उद्घाटन समारोह के दौरान बहतराई स्टेडियम में शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आरूग बैंड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही नारायणपुर के कलाकारों द्वारा मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन भी होगा। इसके अलावा 23 दिसंबर को बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में रात 8:30 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवि अपनी कविताएं प्रस्तुत करेंगे। कल काफिला बैंड की प्रस्तुति राज्य युवा महोत्सव के दूसरे दिन 24 दिसंबर को बहतराई मैदान में शाम 6 बजे से काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 25 दिसंबर को शाम 6 बजे से आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैंड की प्रस्तुति होगी। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं में जीतने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।


