सीएम साय ने मंत्री–कार्यकर्ताओं के साथ सुनी मन की बात:128वीं कड़ी में पीएम मोदी ने किया छत्तीसगढ़ का उल्लेख, CM बोले यह देश की सामूहिक चेतना का उत्सव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 128वीं कड़ी सुनी। उन्होंने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की सामूहिक चेतना का उत्सव बन चुका है। पीएम मोदी हर महीने देशवासियों से सीधे संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और उत्कृष्ट योगदानों को पहचान दिलाते हैं। इससे समाज में सकारात्मक माहौल और प्रेरणा का संचार होता है। उन्होंने बताया कि आज की कड़ी में प्रधानमंत्री ने खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, शहद प्रसंस्करण के उन्नत तरीकों, नौसेना सशक्तिकरण, नेवल म्यूजियम और नेचर फार्मिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने महिला खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को भी देश के लिए गौरव बताया।
नेचर फार्मिंग में छत्तीसगढ़ में असीम संभावनाएं CM साय ने कहा कि नेचर फार्मिंग के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में असीम संभावनाएं हैं। यहां के युवा और किसान प्राकृतिक खेती के माध्यम से कृषि में नए आयाम स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में छत्तीसगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, जो राज्य के किसानों की मेहनत का परिणाम है। पीएम ने प्रयासों का उल्लेख किया मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्पेस टेक्नोलॉजी में युवाओं के नवाचार, चंद्रयान-3 की सफलता की मोटिवेशनल कहानी, भूटान यात्रा, विंटर टूरिज्म, ‘वोकल फॉर लोकल’ और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों का भी उल्लेख किया। कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा आरोहण और सऊदी अरब में पहली बार गीता वाचन जैसे ऐतिहासिक घटनाक्रम भी आज की चर्चा का हिस्सा रहे। सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री की बातें हर भारतीय को गर्व और नए संकल्पों से भर देती हैं। विशेष बात यह रही कि प्रधानमंत्री स्वयं रायपुर प्रवास पर थे और इसी दौरान छत्तीसगढ़वासियों ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ सुनी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, लक्ष्मी रजवाड़े, खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *