अनगड़ा| सेकी व एलएंडटी के सीएसआर फंड से गेतलसूद के क्रमबद्ध विकास को लेकर मंगलवार को हो रही बैठक विस्थापित समूहों के आपसी विवाद के कारण स्थगित हो गई। अनगड़ा बीडीओ जयपाल सोय की पहल पर आज गेतलसूद डैम के विस्थापित, मछुआरा, व ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। गेतलसूद पंचायत सचिवालय में आयोजित बैठक में सेकी, एलएंडटी व प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए। अध्यक्षता बीडीओ जयपाल सोय ने की। बैठक में गेतलसूद डैम में जमीन देने वाले अन्य विस्थापित परिवार के सदस्यों के अलावा हुरपूपखना के विस्थापित परिवार भी शामिल हुए। जैसे ही बैठक शुरू हुई गेतलसूद डैम के मछुआरा समाज ने गेतलसूद डैम के अन्य विस्थापितों का विरोध करना शुरू किया। मछुआरा समाज के भोला महतो व कार्तिक नायक ने बताया कि गेतलसूद डैम में पहले फ्लोटिंग सोलर पैनल 430 एकड़ जलभाग पर लगाने की बातें बताई गई थी। लेकिन अब इसे बढ़ाने की कवायद की जा रही है। सोलर पावर प्लांट निर्माण से पहले विस्थापित हो रहे मछुआरा समाज के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाए।


