भास्कर न्यूज | जालंधर स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय में “धीयां दी लोहड़ी” मनाई। इस मौके पर नवजात बेटियां और उनके माता-पिता शामिल हुए। सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल ने लोहड़ी जलाने की रस्म निभाई। इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इसके बाद शहीद बाबू लाभ सिंह मेमोरियल नर्सिंग स्कूल सिविल अस्पताल जालंधर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। धीयां दी लोहड़ी कार्यक्रम में लोहड़ी के गीत गाते हुए गिद्दा पेश किया। सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल ने 21 नवजात बेटियों को कंबल और उपहार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही 5 आशा कार्यकर्ताओं को उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए स्वेटर देकर विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत बेटियों की लोहड़ी मनाई जाती है और स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर बेटी बचाओ विषय पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करता है। सिविल सर्जन ने कहा कि माता-पिता को अपनी बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच रखने की जरूरत है और आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को समाज में लड़कियों के प्रति भेदभाव को रोकने और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि लड़कियों को लड़कों के बराबर दर्जा दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. ज्योति फुकेला, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. रमन गुप्ता, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राकेश कुमार चोपड़ा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखविंदर सिंह, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी सतजीत कौर, एसएमओ डॉ. मीरा, एसएमओ डॉ. परमजीत सिंह आदि मैजूद रहे।


