सीएस सुधांश पंत बोले- बिजली-पानी की सप्लाई का ध्यान रखें:शिकायतों का जल्द किया जाए निस्तारण, लू-हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए तैयार रहें

राजस्थान में भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव सुधांश पंत ने आमजन के लिए आवश्यक बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सेवाओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के समस्त विभाग इस दौरान आमजन को होने वाली संभावित परेशानियों से बचाने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करें। पंत ने शासन सचिवालय में गर्मी के मौसम को लेकर प्रदेश में जलापूर्ति, समर कंटिंजेंसी प्लान की प्रगति एवं अन्य विभागीय विषयों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समर कंटीजेंसी के कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए। इससे इन कार्यों का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके। किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई को सुनिश्चित किया जाए। सभी कंट्रोल रूम 24 घण्टे काम करें बैठक में उन्होंने सभी कार्मिकों की कार्य स्थलों पर उपस्थिति को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कंट्रोल रूम 24 घण्टे काम करें। शिकायतों का सम्बंधित विभाग की ओर से निस्तारण किया जाए। पंत ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सभी जिला प्रभारी अधिकारियों को 30 अप्रैल से पूर्व अपने जिलों का दौरा करने निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को लू एवं हीट स्ट्रोक की स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सालयों में उपचार के लिए आवश्यक सभी सेवाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग को गौशालाओं में पर्याप्त चारे एवं पानी की व्यवस्था के साथ ही समय पर अनुदान राशि प्रदान करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पशु चिकित्सालयों में सभी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जाए। पानी की लगातार जांच की जा रही बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी भास्कर ए सावंत ने कहा- प्रदेश के समस्त 41 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों हेतु 142.36 करोड़ रुपए के 1,245 कार्य स्वीकृत करवाए गए हैं। इनमें से 672 कार्य प्रारम्भ कर दिए गए हैं। 157 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पेयजल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये नमूने लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही राज्य एवं जिला स्तर पर पेयजल समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा आनंद कुमार ने कहा कि लू और हीट स्ट्रोक की स्थिति को देखते हुए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जिला कलेक्टरों को आवश्यकतानुसार विद्यालयों के समय परिवर्तन हेतु निर्देश दिए गए हैं। मनरेगा में श्रमिकों हेतु छाया -पानी के आवश्यक प्रबंधन एवं समय परिवर्तन के लिए भी दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला स्तर पर लू एवं हीट स्ट्रोक प्रभावितों के सहायता हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। दवाइयों की समुचित मात्रा में उपलब्धता के निर्देश जारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि विभाग द्वारा लू एवं हीट स्ट्रोक के मरीजों हेतु आईसीयू में बेड आरक्षित रखने एवं दवाइयों की समुचित मात्रा में उपलब्धता के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संस्थानों में सुचारू विद्युत आपूर्ति तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। डिस्कॉम्स अध्यक्ष आरती डोगरा ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान होने वाली अधिक विद्युत खपत के प्रबंधन हेतु आवश्यकतानुसार बिजली क्रय की जा रही है। विभाग द्वारा पीएचईडी के लम्बित विद्युत कनेक्शनों को प्राथमिकता के आधार पर जारी किया जा रहा है। शासन सचिव, पशुपालन समित शर्मा ने कहा- सभी पशु चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को फील्ड में रहने एवं नगर निकायों को बेसहारा पशुओं के लिये छाया-पानी के आवश्यक प्रबंधन हेतु निर्देश जारी किए गए है। प्रबंध निदेशक, आरसीडीएफ श्रुति भरद्वाज ने बताया कि गर्मी में दूध की आपूर्ति घट जाती है। इसे बढ़ाने हेतु पशुपालकों से अधिकाधिक दुग्ध संग्रहण के प्रयास किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *