रांची में ईडी ने मंगलवार सुबह चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) नरेश केजरीवाल के ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी ने नरेश केजरीवाल के रांची समेत 15 ठिकानों पर रेड किया है। यह कार्यकारी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम और मनी लॉन्ड्रिंग के तहत की गई है। रांची में चर्च कॉम्प्लेक्स स्थित उनका कार्यालय और आवासीय ठिकाने पर ईडी की टीम लगातार जांच कर रही है। टीम वित्तीय लेन-देन और संदिग्ध विदेशी मुद्रा से जुड़े दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। ईडी की टीम ने नरेश केजरीवाल के आवास सहित परिवार, रिश्तेदारों और कारोबारी सहयोगियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। आयकर विभाग की जांच के बाद खुला राज यह कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा पहले की गई जांच पर आधारित है। विभाग की जांच में यह सामने आया था कि नरेश केजरीवाल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नाइजीरिया और अमेरिका में कई अघोषित विदेशी शेल कंपनियों में इंवेस्ट किया है। इन शेल कंपनियों का संचालन भारत से ही किया जा रहा था, जिससे इनके उद्देश्य और लेनदेन को लेकर गंभीर संदेह पैदा हुए। जांच अधिकारियों को विदेशों में किए गए निवेश से जुड़े लेनदेन, कंपनियों और बैंक खातों के बारे में अहम जानकारी मिली है।


