सीकर के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी, आज 3.4 डिग्री दर्ज:आज सुबह चली ठंडी हवाएं, 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम

सीकर समेत शेखावाटी इलाके में तेज सर्दी लगातार बनी हुई है। पिछले 5 दिन से न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के नीचे बना हुआ है। आज सुबह सर्द हवाओं ने‌ जोर पकड़ा हैं। सोमवार को दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्दी का असर बना रहा। आज सुबह रघुनाथगढ़ व पिपराली इलाके में हल्की ठंडी हवाएं चलीं तो वहीं, आज सुबह न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार शाम से नया वेदर सिस्टम‌ एक्टिव होने‌‌ पर मौसम में बदलाव का अनुमान है। अब एक सप्ताह तक तापमान में लगातार बदलाव होंगे। सीकर जिले में फिलहाल न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के इर्दगिर्द ही बना है। अगले 3 दिन में तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है। सुबह और रात के समय लोगों को तेज सर्दी लग रही है। आज और कल दिनभर धूप खिलेगी, लेकिन हल्की सर्दी का अहसास रहेगा। बात करें सीकर के तापमान की तो सीकर जिले के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर सोमवार को भी न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार को सीकर जिला मुख्यालय पर ज्यादातर समय आसमान साफ रहा, रात में हल्की गति से ठंडी हवाएं चलीं। आगामी 24 घंटे तक मौसम स्थिर रहेगा। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अब प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अगले 2 दिन तक मौसम ड्राई रहेगा। मौजूदा समय में शेखावाटी एरिया का सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर जिले के फतेहपुर में दर्ज किया जा रहा है। अगले 2-3 दिनों में सीकर इलाके में तापमान में फिर बदलाव होंगे। अगले 2 दिन तक सीकर समेत शेखावाटी एरिया में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद फिर से मौसम में बदलाव की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *