सीकर में आज सुबह सीजन का पहला घना कोहरा छाया। बावड़ी ठिकरिया इलाके में विजिबिलिटी 100 मीटर रही। इससे पहले बीती रात कई इलाकों में सीजन की दूसरी मावठ हुई। सीकर जिला मुख्यालय पर हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं पिपराली, गोरिया और रघुनाथगढ़ के इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। बादलों की वजह से ठंडी हवाओं की दौर अभी कमजोर है। आज सुबह का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया है। सीकर जिले में बादलों के कारण दिन में भी ठंड का अहसास हो रहा है। अधिकतम तापमान पिछले एक सप्ताह से लगभग 26 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 4 दिसंबर तक कोल्ड वेव चल सकती हैं। सीकर जिले के लिए 4 दिसंबर तक कोल्ड वेव चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। बात करें सीकर के तापमान की तो आज सीकर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार सीकर के मौसम में लगातार बदलाव होंगे। वहीं, अब प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा। मौजूदा समय में शेखावाटी एरिया में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। अगले 2-3 दिनों में सीकर इलाके में तापमान में हल्की गिरावट होगी। अगले 4 दिन तक सीकर समेत शेखावाटी एरिया में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच रह सकता है।


