आज सीकर समेत पूरे शेखावाटी में तेज सर्दी पड़ रही है। सीकर में आज न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आज यहां पर न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री दर्ज किया गया है। 31 जनवरी और 1 फरवरी को सीकर जिले के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां होने का अनुमान है। इससे पहले यहां पर 29 जनवरी को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 दर्ज किया गया था। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर होने के कारण सीकर में पिछले 8 दिन से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।
गुरुवार को दोपहर में भी अधिकतम तापमान 20 डिग्री के करीब रहने के चलते पूरे दिन सीकर में तेज ठंड का असर रहा। इधर आज सुबह सीकर जिले के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाया। बावड़ी, डूकिया और रैवासा एरिया में हल्के कोहरे के कारण वाहन चालक हैडलाइट जलाकर ही गुजरे। आज सीकर शहर में कोहरे का ज्यादा प्रभाव नजर नहीं आया। 31 जनवरी को नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है।
सीकर समेत शेखावाटी क्षेत्र में पिछले 8 दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, किसान टमाटर और सरसों की फसल को तेज सर्दी से बचाने के लिए उन पर कपड़े व तिरपाल बांध रहे हैं। मौसम एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल अभी सीकर में तेज सर्दी का दौर जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में बदलाव की संभावना है। बारिश के बाद एकबारगी तापमान में बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इसके बाद घने कोहरे और बर्फीली हवाएं बढ़ने की संभावना है।


