सीकर में दिनदहाड़े बैंक लूटने की कोशिश की गई। बदमाश एअर गन लेकर बैंक में घुसा। ब्रांच मैनेजर को डराकर कैश काउंटर और स्ट्रॉन्ग रूम में ले गया। वहां से बदमाश ने बैग में करीब 10 लाख रुपए भर लिए। इस बीच बैंक में आए एक आर्मीमैन ने बाहर से गेट बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाश को डिटेन कर लिया। मामला दादिया में मेन बस स्टैंड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का सोमवार दोपहर करीब 12 बजे का है। पुलिस थाने से बैंक तीन किलोमीटर की दूरी पर है। दादिया थाना SHO अशोक कुमार झाझड़िया ने बताया- सूचना मिलने के बाद करीब 3 मिनट में पुलिस पहुंच गई। मामले में आरोपी मुकेश गढ़वाल (35) पुत्र ओमप्रकाश निवासी यालसर को डिटेन किया गया है। वह रेलवे में नौकरी करता था। जानकारी के अनुसार, मुकेश करीब दो साल पहले यस बैंक से 24.89 लाख रुपए लूटने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। आर्मीमैन ने बाहर से गेट बंद किया, पुलिस को बुलाया
ब्रांच मैनेजर ओमप्रकाश ढाका ने बताया- आज दोपहर करीब 12 बजे एक युवक बैंक में लोन की इन्क्वायरी करने के लिए आया था। वह मुझसे लोन के बारे में पूछताछ कर रहा था। इस बीच उसने पिस्टल निकाल ली। पिस्टल से डराकर कैश काउंटर और स्ट्रॉन्ग रूम में ले गया, जहां से आरोपी ने कैश से बैग भर लिया। कैश करीब 8 से 10 लाख था। इस दौरान बैंक में आए आर्मीमैन शुभम चौधरी को घटना का पता चला तो उन्होंने बैंक का गेट बाहर से बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। गेट बंद होने के बाद आरोपी बैंक के अंदर ही बंद हो गया। तभी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को मौके से डिटेन कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं घटना के बाद बैंक के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, आर्मीमैन शुभम चौधरी की पोस्टिंग मिलिट्री हॉस्पिटल जयपुर में है। दो साल पहले 50 रुपए की पिस्टल से लूटा बैंक
आरोपी मुकेश ने 6 जुलाई 2023 को यस बैंक से 24.89 लाख रुपए लूटे थे। तब पुलिस ने गिरफ्तार कर 11 लाख रुपए बरामद किए थे। उस समय आरोपी रेलवे में TTE था। बैंक लूटने के लिए उसने 50 रुपए में प्लास्टिक की पिस्टल (खिलौना) खरीदी थी। उसी की मदद से बैंक लूटा था। (पढ़ें पूरी खबर)


