राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से सीकर में संभाग स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन ग्रामीण महिला संस्थान (कटराथल) में किया गया। महोत्सव में दुर्लभ एवं लुप्त कला, संस्कृति का संवर्धन एंव संरक्षण को बढ़ावा देने के बारे में जागरूक किया गया और आवश्यक जानकारियां दी गई। संभाग स्तरीय युवा महोत्सव में सीकर, झुंझुनू, नीमकाथाना और चूरू जिले के प्रथम विजेताओं ने भी भाग लिया। महोत्सव में थीमेटिक, कल्चर, लाइफ स्किल और युवाकृति की 13 गतिविधियां थी। जिला कलक्टर मुकुल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि आज आधुनिकता की दौड़ में लुप्त हो चुकी हमारी मूल चीज खेल, हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग, कला का युवा महोत्सव के माध्यम से संरक्षण करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा- ऐसे कार्यक्रम इन क्षेत्रों में छुपी प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य करते हैं। शेखावाटी में खेती किसानी, पशुपालन, पौधारोपण के क्षेत्र में यहां के लोग नित नए नवाचार कर रहे हैं तथा यहां के व्यापारियों ने देश-विदेश में जाकर खूब नाम कमाया हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय संविधान, विकसित भारत, सामाजिक कुरीतियों एवं ऐतिहासिक स्थानों पर आधारित मॉडलस का अवलोकन किया। जिला कलक्टर मुकुल शर्मा ने बताया- इस युवा महोत्सव के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार का प्रयास है कि जो भी हमारी कलाएं और विद्याएं हैं उनका संरक्षण और बढ़ावा मिले। इस कार्यक्रम में बच्चों व युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आमजन को कलाओं और विधाओं से वाकिफ कराया।


