शेखावाटी समेत पूरे राजस्थान में बीती रात से सर्दी का असर तेज हो गया है। 5 दिन तक तापमान में उछाल के बाद आज एक बार फिर तापमान 3 डिग्री के नीचे आ गया है। अगले 3 दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी। आसमान साफ होने के कारण सर्दी का असर तेज है। आज सुबह हल्की ठंडी हवाएं चलने की वजह से तापमान में गिरावट आई है। फिलहाल 4 दिन तक मौसम में तेज सर्दी बनी रहेगी, उसके बाद एक बार फिर बदलाव की संभावना है। अब 4 दिन तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। सीकर जिले के लिए 19 दिसंबर तक तेज सर्दी का अलर्ट जारी किया गया है, इसके बाद बारिश व कोहरे की गतिविधियां हो सकती हैं। फिलहाल 3 दिन तक यहां पर तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह और रात के समय लोगों को तेज सर्दी लगेगी। बात करें सीकर के तापमान की तो आज सीकर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर सोमवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार को सीकर में ज्यादातर समय आसमान साफ रहा और आज सुबह से इस कारण सर्दी बढ़ गई है। दिन का अधिकतम तापमान भी फिलहाल कम है, इस वजह से दिन में भी हल्की सर्दी का अहसास होता है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अब प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में 4 दिन तक मौसम ड्राई रहेगा और सर्दी तेज रहेगी। पिछले 24 घंटे में शेखावाटी एरिया में लगातार न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के इर्दगिर्द दर्ज किया जा रहा है। अगले 2-3 दिनों में सीकर इलाके में तापमान में गिरावट आएगी। आगामी शुक्रवार तक सीकर समेत शेखावाटी एरिया में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना है।


