सीकर में स्विफ्ट कार और सवारी गाड़ी में भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल है। घायलों को जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। हादसा रींगस-खाटूश्यामजी रोड पर चौमू पुरोहितान और लांपुवा के बीच रविवार रात करीब 2 बजे हुआ। आमने-सामने की भिड़ंत
रींगस थाने के एएसआई सांवताराम गुर्जर ने बताया- सवारी गाड़ी चालक अजय देवंदा खाटूश्यामजी से रींगस की तरफ आ रहा था। वहीं, कार सवार चार युवक खाटूश्यामजी की तरफ जा रहे थे। लांपुवा के पास दोनों गाड़ियों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर रींगस थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। तीन की मौत, दो गंभीर घायल
हादसे में सवारी गाड़ी के ड्राइवर अजय देवंदा (35) निवासी रींगस और स्विफ्ट के ड्राइवर गौरव सैनी (22) पुत्र शंकर माली निवासी सुरतपुरा, दौसा की मौके पर ही मौत हो गई। तीन गंभीर घायलों को जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान कार सवार एक और युवक अजय सैनी (25) पुत्र रेवती लाल ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल दो युवकों भारत सैनी (18) निवासी बड़ा कुआं मंडावरी, दौसा और रामकेश (25) निवासी गोपालगढ़ (करौली) का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है। गौरव माली के शव को खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में और अजय देवंदा का शव रींगस उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है, जबकि अजय सैनी का शव जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल में हैं।


