सीकर जिले के फतेहपुर इलाके में आज एक सड़क हादसा हो गया। आज अल सुबह कोहरेे के कारण स्कूल बस ने प्राइवेट एंबुलेंस को टक्कर मार दी। स्कूल बस में काफी स्कूली स्टूडेंट्स सवार थे। हादसे में प्राइवेट एंबुलेंस चकनाचूर हो गई और ड्राइवर की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर फतेहपुर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आज सुबह स्कूली स्टूडेंट्स को स्कूल लेकर जा रही स्कूल बस फतेहपुर के गोड़िया व ठेडी के बीच एंबुलेंस से भिड़ गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस चकनाचूर हो गई। वहीं, हादसे में एंबुलेंस चालक की मौत हो गई। ड्राइवर की बॉडी को फतेहपुर के गवर्नमेंट धानूका हॉस्पिटल की मोर्चरी मे रखवाया गया है। फतेहुपर सदर थाना इंचार्ज महेंद्र मीणा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। स्कूल बस फतेहपुर के MRJ साइंस स्कूल की थी। स्कूल बस बच्चों से भरी हुई थी ठेडी गांव से बच्चों को फतेहपुर स्थित स्कूल मे लेकर जा रही थी। वहीं, प्राइवेट एंबुलेंस ठेडी गांव से मरीज को लेकर जा रही थी। दुर्घटना के बाद मरीज को दूसरे वाहन से फतेहपुर भेजा गया।


