सीकर में जयपुर रोड स्थित अरबन हाट में 2 दिवसीय शेखावाटी उत्सव का आयोजन होगा। 24 व 25 जनवरी को शेखावाटी उत्सव में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। एडीएम रतन कुमार ने बताया कि शेखावाटी उत्सव में जिलेभर के लोग शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं, शोभायात्रा, प्रदर्शनी, योगा सेशन होंगे, आतिशबाजी से कार्यक्रम संपन्न होगा। पर्यटन विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर अन्नू शर्मा ने बताया कि 2 दिवसीय शेखावाटी उत्सव के पहले दिन 24 जनवरी को सुबह एसके स्कूल ग्राउंड से अरबन हाट तक शोभायात्रा निकलेगी। इसके बाद पंच गौरव प्रदर्शनी, हाट बाजार, ऊंट-घोड़ा श्रंगार, साफा बांध व 3 टांग दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद शाम 6 बजे लोक कलाकार रामप्रसाद (कच्ची घोड़ी), अर्जुन माटोलिया (भैरू नृत्य), शमसाद बहरुपिया, श्याम जोशी (रोबिले), गोपाल गिला (ढफ-चंग), नवीन शर्मा (मयूर नृत्य), विकास भाट (कठपुतली), वर्षा सोनी (चरी चरकुला), जाकिर खान (भपंग वादन), शिवनारायण गुजरावत (चकरी नृत्य) आदि प्रस्तुतियां देंगे। शेखावाटी उत्सव के 25 जनवरी को सुबह योगा सेशन होगा। इसके बाद पंच गौरव-हाट बाजार के साथ ही रस्साकसी, मटका दौड़, मेहंदी, रंगोली, चित्रकला व वॉलीबाल मैच होंगे। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक कलाकार चुग्गे खां मांगणियार प्रस्तुति देंगे, इसके बाद आतिशबाजी के साथ 2 दिवसीय आयोजन का समापन होगा। इससे पहले, अरबन हाट में चल रहे शेखावाटी हस्तशिल्प मेले में सीकर के पंच गौरव और राजीविका के तहत महिला सशक्तिकरण पर वर्कशॉप हुई। जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक विकास सिहाग ने बताया कि पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक जिला एक उत्पाद’ को लेकर वर्कशॉप हुई। सांख्यिकी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अनिल शर्मा ने बताया कि जिला खेल बास्केटबॉल, जिला वनस्पति अरड़ू, जिला उत्पाद एंटीक फर्नीचर, जिला फसल प्याज तथा जिला पर्यटन खाटूश्यामजी के विकास और संरक्षण से संबंधित रूपरेखा की जानकारी दी। अरबन हाट में शेखावाटी हस्तशिल्प महोत्सव के तहत राजीविका लखपति दीदियों और स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा बैंक लोन प्राप्त कर योजनाओं का प्रॉफिट लेने के बारे में ट्रेनिंग दी गई। कार्यक्रम में एडीजे शालिनी गोयल, DIC की जनरल मैनेजर विकास सिहाग, राजीविका DPM अर्चना मौर्य, पीएनबी आर्सेटी डायरेक्टर अशोक कालेर आदि मौजूद थे।


