न्यू ईयर की रात पर सीकर में शराब पीकर हुड़दंग करने वाले लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने अलसुबह तक 32 शराबियों को पकड़ा। सीकर शहर में पुलिस ने 30 गाड़ियां भी जब्त की। दरअसल न्यू ईयर को देखते हुए सीकर शहर में हर पॉइंट पर तो पुलिसकर्मी तैनात किए ही गए थे। इसके साथ ही गाड़ियां गश्त भी कर रही थी। जिन्होंने शराबियों और हुड़दंग करने वाले लोगों पर कार्रवाई की। सीकर के उद्योग नगर इलाके में संचालित कई रेस्टोरेंट और हॉस्टल संचालक रात 10 बजे बाद तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। ऐसे में SHO राजेश बुडानिया अपनी टीम के साथ खुद पैदल गश्त पर निकले और डीजे को बंद करवाया। SHO राजेश ने बताया कि सीकर सर्किल एरिया में शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 30 गाड़ियां जब्त की। इसके साथ ही 5 लोगों को एमवी एक्ट,10 को 60 पुलिस एक्ट में भी गिरफ्तार किया। करीब 40 चालान भी किए गए।


