सीकर समेत 5 जिलो में बरसात, बीकानेर में आंधी चली:23 जनवरी को 14 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट

सीकर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिले में गुरुवार रात बारिश हुई। बीकानेर में पाकिस्तान बॉर्डर के पास के एरिया में गुरुवार दोपहर आंधी चली। फलोदी में बादल छाए और तेज हवा भी चली। जैसलमेर में दिनभर तेज हवा चलने के बाद रात 7 बजे मावठ हुई। जिले के सीमावर्ती रामगढ़ कस्बे में तेज गर्जना के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीकर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर शुरू हो गया है। रात 8:15 बजे आसमान में घने बादल छा गए और शहर के नेहरू पार्क इलाके में हल्की बारिश हुई। श्रीगंगानगर में मौसम ने अचानक करवट ली। रात 9. 30 बजे के बाद बादलों की गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। डीडवाना-कुचामन और नागौर जिले में भी बरसात हुई। मौसम विभाग ने 23 जनवरी को जयपुर समेत 14 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 11 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 24 जनवरी से इस सिस्टम का प्रभाव खत्म होगा और प्रदेश में घना कोहरा पड़ेगा। इस दिन जयपुर समेत 16 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। 25 जनवरी को भी 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह-शाम सर्द हवाओं से राहत
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से राजस्थान में उत्तरी हवाओं का प्रभाव कम हो गया है। राज्य में सर्द हवाओं से सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी से भी राहत है, लेकिन कोहरे के चलते अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। गंगानगर, टोंक, उदयपुर, पिलानी, सीकर, करौली, अलवर, बारां समेत कुछ शहरों में ही तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। कल सबसे ज्यादा ठंडा इलाका फतेहपुर का रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आखिरी सप्ताह में भी होगी बारिश
राजस्थान में जनवरी के आखिरी सप्ताह में भी बारिश का दौर आएगा। एक स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से 26 से 28 जनवरी के बीच प्रदेश के कई शहरों में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *