सीजीएमएससी के अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे, नोटिस

भास्कर न्यूज| जांजगीर कलेक्टर जनमेजय महोबे ने जिले में निर्माण कार्यों में हो रही देरी और अधिकारियों की गैरहाजिरी पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाह छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई होगी और संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने चेतावनी दी कि प्रशासन अब अनियमितता, आलस्य और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निर्माण कार्यों में हुई देरी और अधिकारियों की अनुपस्थिति को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इससे विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सभी अधिकारियों को समयनिष्ठा और जवाबदेही दिखाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता में कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि अधिकारी समय पर उपस्थित नहीं पाए गए, तो कठोर कार्रवाई होगी। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और कोचियों व बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल और पीवी एप के माध्यम से विभागीय कार्यों की समयबद्ध ऑनलाइन एंट्री करने के निर्देश दिए। तकनीकी समस्या या संशय की स्थिति में राज्य नोडल अधिकारी से तुरंत संपर्क कर सही जानकारी दर्ज कराने को कहा। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी और शिवरीनारायण मेला में सुरक्षा व्यवस्था को भी समयबद्ध करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर महोबे ने साफ संदेश दिया कि अब लापरवाही और देरी करने वालों को कोई मौका नहीं मिलेगा और प्रशासन ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *