सीजीपीएससी:सोनवानी ने दी अपात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति

सीजीपीएससी परीक्षा गड़बड़ी में सीबीआई ने कोर्ट में लगभग 400 पेज का चालान पेश किया है। सीबीआई ने सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक को मुख्य आरोपी बनाया है। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में लिखा है कि पूर्व चेयरमैन और तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक ने अपात्र उम्मीदवारों को गलत तरीके से लाभ पहुंचाते हुए उन्हें नियुक्ति दी है। अब तक गिरफ्तार सभी 7 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था। सीबीआई ने 19 नवंबर को सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह और बजरंग इस्पात के पूर्व डायरेक्टर श्रवण गोयल की गिरफ्तारी की थी। उनसे पूछताछ के बाद जांच आगे बढ़ी और एक-एक कर सात आरोपी बनाए गए। उनके अलावा अन्य आरोपी, टामन सिंह सोनवानी के भतीजे नितेश सोनवानी व साहिल सोनवानी, उद्योगपति श्रवण गोयल के बेटे शशांक गोयल व भूमिका कटियार, तत्कालीन डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर ललित गणवीर के खिलाफ चालान पेश किया गया है। सभी को इस घोटाले में संयुक्त रूप से आरोपी बनाया गया है। चालान में स्पष्ट आरोप लगाया गया है कि अपात्र अभ्यर्थियों का गलत तरीके से चयन किया गया है। लाभ पहुंचा कर गलत तरीके से नियुक्ति दी गई है। इसके लिए संयुक्त रूप से पैसों का लेनदेन और पेपर लीक किया गया है। सीबीआई ने कोर्ट में 59वें दिन चालान पेश किया है। नियम के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के 60 दिन के भीतर कोर्ट में चालान पेश करना होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *