सीजीपीएससी गड़बड़ी: सीबीआई रिमांड खत्म, पांचों आरोपी जेल भेजे गए:उप परीक्षा नियंत्रक गणवीर जिस एनजीओ का कोषाध्यक्ष, उसी के खाते में घूस के 45 लाख आए

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती गड़बड़ी मामले में गिरफ्तार उप परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर, चारों चयनित उम्मीदवार सोमवार को सीबीआई कोर्ट में पेश किए गए। कोर्ट ने पांचों को दो दिन के लिए जेल भेज दिया है। अब 15 जनवरी को इन्हें तत्कालीन पीएससी चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर कंपनी के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल के साथ फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस बीच, पड़ताल में खुलासा हुआ है कि गोयल ने बेटा शशांक और बहू भूमिका की नौकरी के लिए सरबदा के जिस एनजीओ को 45 लाख रुपए दिए थे, उसमें उप परीक्षा नियंत्रक गणवीर कोषाध्यक्ष है। एनजीओ का लेखा-जोखा वही रखता था। टामन की पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पद्मनी सोनवानी इसी एनजीओ की अध्यक्ष है। एनजीओ में ज्यादातर टामन के परिवार के सदस्य हैं। इसलिए घर के बुजुर्ग के नाम पर इसे रजिस्टर किया गया है। पर्चा लीक में अहम कड़ी है गणवीर: सीबीआई ने गणवीर से लंबी पूछताछ की है। एजेंसी उसे पर्चालीक कांड में अहम कड़ी मान रही है। उसके घर और दफ्तर से जब्त दस्तावेज व डिवाइस से अहम क्लू मिले हैं। गणवीर टामन की प्रॉपर्टी के लेन-देन का हिसाब व निवेश देखता था। सीबीआई ने टामन के दोनों भतीजों नीतेश और साहिल सोनवानी की अंकसूची समेत दस्तावेज की जांच की है। पूछताछ में दोनों ठीक से उत्तर नहीं दे पाए। उनका जनरल नॉलेज भी कमजोर है। जबकि एक डिप्टी कलेक्टर और दूसरा डीएसपी है। इससे उनकी योग्यता सीधे सवालों के दायरे में है। इसी तरह की जांच शशांक गोयल और उसकी पत्नी भूमिका कटियार गोयल की भी हुई। उनके दस्तावेजों की जांच की गई। उनके दस्तावेज सही थे। शशांक बिलासपुर में रजिस्टार है। वह पहले रायपुर में पदस्थ था। गणवीर की रिश्तेदार का भी चयन, टामन का करीबी था इसलिए पीएससी में लाया गया गणवीर टामन का करीबी है, इसलिए उसे राजनांदगांव से रायपुर लाया गया और सीजीपीएससी में पोस्टिंग दी गई। टामन के कार्यकाल के दौरान वही पीएससी का पूरा काम देखता था। विवादित 18 उम्मीदवारों में गणवीर की रिश्तेदार मीनाक्षी गणवीर भी है। वह डिप्टी कलेक्टर बनी है। इसके अलावा टामन की बहू निशा कोशले डिप्टी कलेक्टर, दीपा अजगले आबकारी अधिकारी और भांजी सुनीता जोशी श्रम अधिकारी बनी हैं। परीक्षा गड़बड़ी में इनकी भूमिका की सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है। 18 लोगों में शामिल बाकी लोगों की जांच चल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *