छत्तीसगढ़ (सीजी) बोर्ड की दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं के नतीजे घोषित कर दिए। दसवीं में इस बार 76.53 फीसदी छात्र पास हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार 1.48 फीसदी ज्यादा बच्चे पास हुए हैं। इस बार दसवीं में इशिका बाला व नमन कुमार खुंतिया ने 99.17 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है। 99 प्रतिशत के साथ लिव्यांश देवांग ने दूसरा व 98.83 प्रतिशत अंक के साथ रिया केवट, हेमलता पटेल और टिपेश प्रसाद यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस साल 10वीं में परीक्षा 3.23 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें 1 लाख 45 हजार 141 लड़के और 1 लाख 77 हजार 953 लड़कियां थीं। नतीजों को और बारीकी से देखें तो 126654 छात्र फर्स्ट डिवीजन, 108290 सेकंड डिवीजन, 10966 थर्ड डिवीजन से पास हुए हैं। इस तरह कुल 245913 छात्र पास हुए हैं। दो साल से ब्लड कैंसर, लेकिन हिम्मत नहीं हारी मुझे बीमारी जरूर है, लेकिन मैंने कभी हिम्मत नहीं हारी। मेरे माता पिता व शिक्षक हमेशा मेरी हिम्मत बने रहे। मैं ट्यूशन नहीं लेती। 2022 में 10वीं में प्रदेश की टॉपर मेरी बुआ की लड़की सोनाली बाला से प्रोत्साहन मिला। शिक्षकों ने भी मदद की। थोड़ा-थोड़ा समय निकाल निरंतर पढ़ती रही और कामयाबी हासिल की। मैं आगे भी पढ़ना चाहती हूं। पढ़ाई पूरी कर आईएएस अफसर बनना मेरा सपना है। रायपुर से 14 छात्र मेरिट में
रायपुर से मेरिट लिस्ट में कुल 14 छात्रों ने जगह बनाई हैं। इसमें नमन कुमार ठाकुर (98.33), बी. साई संजना (98.33), केतन साहू (98), खूशबू सेन (98), पूर्वी साहू (98), महक (97.83), योगिता वर्मा (97.83), बरशा प्रियदर्शनी (97.83) शामिल हैं। इसी तरह राम सोनी, अंजलि साहू, नेहा चक्रधारी, काव्या वर्मा, दिव्या तिवारी, चित्रांश देवांगन को 97.67% अंक मिले।
12वीं: अखिल को 98.20 प्रतिशत अंक फर्स्ट डिवीजन पास स्टूडेंट 8.22% बढ़े कांकेर के अखिल ने इस बार बारहवीं में टॉप किया है। जबकि श्रुति मंगतानी को दूसरा और वैशाली साहू को तीसरा स्थान हासिल हुआ है। इस बार 81.87% स्टूडेंट पास हुए हैं। पिछले साल के मुकाबले ये संख्या 1.91 फीसदी अधिक है। परीक्षा में 2 लाख 38 हजार 626 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1 लाख 1 हजार 184 लड़के और 1 लाख 37 हजार 442 लड़कियां थीं। 12वीं के 238045 छात्रों का रिजल्ट जारी किया गया है। इस बार 1 लाख 544 छात्रों ने फर्स्ट डिवीजन हासिल किया है। इसी तरह, 88 हजार 841 ने सेकंड और 5 हजार 516 ने थर्ड डिवीजन पास किया है। इसके अलावा 23,126 को पूरक घोषित किया गया है। जबकि 20013 फेल हुए हैं। इस साल कक्षा बारहवीं में कॉमर्स स्टूडेंट्स का दबदबा रहा है। रायपुर से 7 छात्र मेरिट में: 12वीं में रायपुर से मेरिट लिस्ट में कुल 7 छात्रों ने जगह बनाई हैं। इसमें पल्लवी वर्मा (96.60), धनेश्वरी यादव (96.40), रुचिका साहू (96.40) किर्ती यादव (96.0) कृष्णा पंजवानी (96.0) रुचि कल्याणी (96.0) भूमिका देवांगन (95.0) के नाम शामिल हैं। खुद ही सवाल बनाकर जवाब ढूंढता था, इस ट्रिक ने मदद की मैंने इस कामयाबी के लिए कड़ी मेहनत की। रोजाना 7 घंटे पढ़ाई करता था। पहले से ही टॉपर्स की सूची में टाॅप पर रहने लक्ष्य बना कर चल रहा था। जिसके स्मार्ट वर्क करते परीक्षा में आने वाले सवालों के पैटर्न के कई सवाल तैयार स्वयं ही हल करता था। इसमें शिक्षकों की भी मदद लेता था। मैं व्यापारियों के परिवार से जुड़ा हुआ हूं। आगे चलकर प्रशासनिक सेवा या किसी अन्य क्षेत्र में जाने के बजाय सीए बनना चाहता हूं। बच्चों को प्रोत्साहित करना जरूरी
सीजी बोर्ड के रिजल्ट इस बार काफी संतोषजनक और उत्साहवर्धक है। धीरे-धीरे प्रदेश की शिक्षा की गुणवत्ता की ओर ध्यान दिया जा रहा है। इसमें अभिभावकों और शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण हाथ होता है। बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करते रहना चाहिए। समीक्षा भी जरुरी है। इससे पता चलता है कि बच्चे की तैयारी किस तरह है।
बीकेएस रे, पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल


