1 जनवरी से 31 जनवरी तक “परवाह” थीम पर सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और आधार फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विभिन्न चौराहों पर कार्रवाई जारी है। सोमवार को यमराज थीम पर लोगों से यातायात नियमों की पालना की अपील की गई। शहर के चेतक चौराहे पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की टीम के साथ यमराज का वेश धारण किए एक व्यक्ति भी मौजूद था। यमराज यातायात नियम पालना नहीं करने वाले लोगों को आगाह करते नजर आए उन्होंने यातायात नियम पालना नहीं करने वाले लोगों को कहा कि आपसे यमराज हाथ जोड़कर विनती करता है कि सीट बेल्ट लगाकर और हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं। फिर बाद में मुझे दोष मत देना। इस दौरान लाल बत्ती पर रुकने वाले और हेलमेट पहनने वाले व्यक्ति का मुंह मीठा कर स्वागत किया गया। वहीं, यातायात नियम फॉलो नहीं करने वाले को नियम पालना की शपथ दिलाई गई। एक दिन पहले यातायात नियम पालना करने वालों का फूल देकर स्वागत किया गया।


