मुरादाबाद में चोरों ने एक कपड़ा व्यापारी के घर की दीवार पर आधी रात सीढ़ी लगा दी। चोर घर में घुसने की कोशिश ही कर रहे थे कि तभी अचानक परिवार जाग गया। आहट होने पर चोर भाग निकले। कपड़ा व्यापारी के घर और पड़ोस में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस ने कपड़ा व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना शहर के सिविल लाइंस एरिया में नीलकंठ कॉलोनी की है। यहां रहने वाले कपड़ा व्यापारी समीर मेहता के मकान में शनिवार देर रात चोरों ने सीढ़ी लगाकर दीवार पर चढ़ने की कोशिश की। चोर सीढ़ी अपने साथ ही लेकर आए थे। इसी बीच व्यापारी समीर मेहता को खटपट की आवाज सुनाई दी तो वह उठ कर मौके पर पहुंचे। अंदर परिवार के जाग जाने की वजह से चोर भाग निकले। चोरों की सीढ़ी भी मौके पर ही छूट गई। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


