सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व से एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो बाघ सुबह की सफारी के दौरान सड़क पर टहलते हुए पर्यटकों के सामने से गुजरे। पर्यटकों ने इस दोस्ताना नजारे को पहली बार देखा और इसकी सराहना की। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की मॉर्निंग सफारी के दौरान हुई। बाघ बिना किसी को नुकसान पहुंचाए आराम से टहलते रहे, जिससे पर्यटकों में उत्साह और रोमांच भर गया। अभिनव पांडे नामक फेसबुक यूजर ने यह वीडियो साझा किया है, जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। कई यूजर्स ने इसे नेशनल जियोग्राफिक चैनल पर दिखने वाले दृश्यों जैसा बताया है। जानकारी के अनुसार, यह दृश्य संजय टाइगर रिजर्व के दूरी रेंज का है, जहाँ हाल के दिनों में बाघों की गतिविधियां बढ़ी हैं। बताया गया कि आधे घंटे के भीतर दो बाघों ने पर्यटकों के सामने चहलकदमी की। रिजर्व प्रबंधन इस बदलते व्यवहार से संतुष्ट है। बाघ अब पर्यटकों के प्रति सहज एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि रिजर्व के अधिकांश बाघ अब पर्यटकों के प्रति सहज हो गए हैं और उन पर हमला नहीं करते। अभी तक किसी पर्यटक पर हमले की कोई खबर नहीं है। मिश्रा ने यह भी बताया कि इन बाघों के दोस्ताना व्यवहार के कारण सफारी बुकिंग में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि, कभी-कभी बाघ गांवों की ओर भटक जाते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं।


