सीधी पुलिस ने सोमवार को गुमशुदा नाबालिग को उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शहडोल के निर्देश पर जिले में लंबित गुमशुदा मामलों की समीक्षा के बाद की गई। परिजनों ने थाना सीधी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। सीधी पुलिस टीम ने परिजनों से महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई और संभावित ठिकानों पर तलाश की। तकनीकी और मानवीय संसाधनों का उपयोग करते हुए जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के थाना फलाबादा क्षेत्र के ग्राम पिनाई में है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम तुरंत मेरठ रवाना हुई और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया गया। इस सफल अभियान में थाना प्रभारी सीधी एसआर भगत के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक दयाराम दुबे, प्रधान आरक्षक अखण्ड प्रताप पटेल और आरक्षक संजय द्विवेदी की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।


