सीधी जिले में मड़वास थाना क्षेत्र के बैरिहा तिराहे के पास बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। धान से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को मड़वास अस्पताल का घेराव कर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। हादसे में झंझराटोला निवासी सुशीला सेन (35 वर्ष) और उनकी 4 वर्षीय बेटी दुर्गा सेन की जान गई है। ये दोनों अपनी पड़ोसी प्रेमवती सिंह के साथ स्कूटी से मड़वास बाजार से लौट रही थीं। शाम करीब 5:30 बजे बैरिहा तिराहे पर ट्रक (एमपी-53-एच-1690) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुशीला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रक और चालक पुलिस हिरासत में घटना के बाद भाग रहे ट्रक को मड़वास पुलिस ने नदहा पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। बताया गया है कि ट्रक रिंकू गुप्ता का है, जो टिकरी खरीदी केंद्र पर धान की सप्लाई के लिए जा रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। घायल महिला का इलाज जारी स्कूटी पर सवार तीसरी महिला प्रेमवती सिंह गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। थाना प्रभारी भूपेश बैस ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को मां-बेटी के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाइश देकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


