सीधी में तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग को रौंदा:सिर-मुंह-पैर में गंभीर चोटें, जिला अस्पताल में एडमिट

सीधी जिले के ग्राम हिनौती में सोमवार दोपहर 12 बजे एक सड़क हादसा हुआ। अमिलिया थाना क्षेत्र में घर के बाहर टहल रहे राम सजीवन साहू (बुजुर्ग) को एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में राम सजीवन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं बाइक चालक फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राम सजीवन साहू प्रतिदिन की तरह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गति से आई एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर, मुंह तथा पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल राम सजीवन साहू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि सिर में गहरी चोट होने के कारण उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार सीधी की ओर तेजी से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। गांव में इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है और वे तेज रफ्तार तथा लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आवेदन देने पर करेंगे कार्रवाई इस पूरे मामले में अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि फिलहाल घटना की लिखित सूचना थाने में नहीं दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त होते ही मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *