सीधी में परिवार पर हमला, घर में लगाई आग:जमीनी रंजिश में लाठी-डंडा, रॉड और कुल्हाड़ी से वार; दो घायल, अस्पताल में भर्ती

सीधी जिले के ग्राम खड्डी में पुरानी जमीनी रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला किया गया। हमलावरों ने पहले घर में आग लगाई और फिर बाहर निकले सदस्यों पर लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से वार किया। इस घटना में सद्दाम हुसैन और उनके भतीजे मेहताब गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित सद्दाम हुसैन ने बताया कि शुक्रवार रात मोहम्मद रशीद, मोहम्मद लतीफ, मोहम्मद शफीक, मोहम्मद रफीक और शमसेर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक घर में आग लगा दी। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। आरोपियों ने किया जानलेवा हमला पीड़ित के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर निकलने का प्रयास किया। बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में सद्दाम हुसैन और उनके भतीजे मेहताब को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना डायल 112 से पुलिस को दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। टीआई बोले-शिकायत के आधार पर मामला दर्ज खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि मारपीट की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में उचित धाराएं बढ़ाई जाएंगी और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *