सीधी जिले में बागेश्वर धाम महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। जनपद सिहावल क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरी निवासी शिवम वर्मा ने यह टिप्पणी की, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। अमिलिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। शिवम वर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने बागेश्वर धाम महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इस घटना के बाद सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इन्होंने की शिकायत मामला सामने आने के बाद बजरंग दल बहरी के अध्यक्ष पंकज पाण्डेय के नेतृत्व में एडवोकेट महेंद्र पाण्डेय, पवन शुक्ला, शिवेश उपाध्याय, रामगोपाल शुक्ला, शिवानंद मिश्रा, सौरभ सिंह, जय द्विवेदी, राहुल मिश्रा, नवीन उपाध्याय, अभिषेक कुमार शुक्ला, शिवम सिंह और उत्तम यादव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठन सदस्यों ने अमिलिया थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी शिवम वर्मा को कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया। उसकी गतिविधियों, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की गई। धारा 66(E) का केस थाना प्रभारी अमिलिया राकेश बैस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 353(2), 352 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2000 की धारा 66(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये सभी धाराएं गंभीर प्रकृति की हैं, जिनके तहत आरोपी को कठोर दंड का प्रावधान है।


