कोंडागांव| किसानों की धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर सीपीआई जिला परिषद व संबद्ध संगठनों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डाक से भेजा तथा उसकी प्रति कलेक्टर कार्यालय में जमा की। ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के अनेक किसानों की गिरदावरी नहीं हुई है, वनाधिकार पट्टा धारक किसानों का पंजीयन लंबित है और कई किसानों के रकबे में त्रुटियां दर्ज हैं, जिससे वे अपना पूरा धान बेच नहीं पा रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर किसानों में भारी मानसिक तनाव उत्पन्न हो रहा है। 25 नवंबर को भी इसी विषय पर कलेक्टर के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन 3 दिसंबर तक समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहा है। किसान अब भी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।


