भास्कर न्यूज | जालंधर सीबीएसई 10वीं बोर्ड की शुक्रवार को आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा छात्रों के लिए राहत भरी और उत्साहजनक रही। छात्रों को दोनों विषयों में से किसी एक का चयन करने का विकल्प दिया गया था। परीक्षा पैटर्न के अनुसार थ्योरी के 50 अंकों में एमसीक्यू और सब्जेक्टिव दोनों प्रकार के प्रश्न शामिल थे, जबकि शेष 50 अंक एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स और स्किल-आधारित मूल्यांकन के लिए निर्धारित थे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के पेपर को लेकर शिक्षिका दविंदर कौर ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्रों की तुलना में इस बार का पेपर काफी आसान रहा। अधिकांश छात्रों ने निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा पूरी कर ली। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते समय छात्रों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. राजेश ने कहा कि पेपर कुल मिलाकर आसान था और विषयगत प्रश्न सामान्य स्तर के थे। हालांकि, कुछ ऑब्जेक्टिव प्रश्न थोड़े ट्रिकी जरूर थे, जिन्होंने छात्रों की विश्लेषणात्मक क्षमता को परखा। वहीं, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विषय पर शिक्षिका गुरमीत ने बताया कि प्रश्नपत्र पूरी तरह सिलेबस पर आधारित था और किसी भी प्रकार की जटिलता नहीं थी। बच्चों ने समय पर पेपर समाप्त कर लिया। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने अच्छी तैयारी की है, उनके लिए यह पेपर स्कोरिंग साबित हो सकता है।


