सीवरेज के लिए खोदी सड़कों के नहीं किए पेचवर्क, अब फैलने लगा कीचड़

शहर के विभिन्न वार्डों में रुडिप की ओर से सीवरेज एवं पेयजल लाइन बिछाने के दौरान खोदे गए गड्ढे आमजन के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद गड्ढ़ों को सही तरीके से नहीं पाटे जाने के कारण सड़कें पूरी तरह बदहाल हो गई हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रहवासी लोगों ने आरोप लगाया कि रु​डिप की ओर से घटिया निर्माण कार्य किया जा रहा है। ठेकेदार की ओर से नियमों को ताक पर रखकर कार्य किया जा रहा है। सीवरेज व पेयजल लाइन बिछाने के लिए शहर में जगह-जगह खुदाई कर दी गई, लेकिन खुदाई के बाद गड्ढ़ों को कंकरीट व सीमेंट से भरने के बजाय केवल बालू-मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। इससे सड़क की सतह कमजोर हो गई है। कई वार्डों में वाहनों के गुजरने के दौरान दोपहिया व चारपहिया वाहनों के पहिए सड़क में धंस जाते हैं, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गलियों में सीवरेज लाइन पर लगाए गए चैंबर भी सड़क लेवल में नहीं हैं, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
शहर के खेड़ रोड, डागा हॉस्पिटल गली, बीपीएल क्वार्टर, रबारियों का टांका, ठकरानी का जाव, समदड़ी रोड सहित कई वार्डों में यही स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़क निर्माण के दौरान कंक्रीट बाहर दिखाई दे रहे हैं। इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने ठेकेदार से मानकों के अनुसार गड्ढ़ों को कंकरीट व सीमेंट से पाटकर सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग की ताकि आमजन को राहत मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *