सतना के कृपालपुर में 25 सितंबर को सीवर चेंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से मजदूर की मौत के मामले में आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई की है। अब तक केवल जांच टीम बनाने और खानापूर्ति करने तक सीमित रहने वाले निगम ने इस बार सीधे प्रोजेक्ट प्रभारी सहायक यंत्री दीपक बागरी और जोन प्रभारी उपयंत्री हर्षिता बैरागी को निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों को निलंबन के बाद दूसरी शाखा से अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह मीना के आदेश पर की गई। सुरक्षा इंतजाम में लापरवाही के चलते निलंबित
कमिश्नर द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि सीवर प्रोजेक्ट प्रभारी दीपक बागरी और जोन प्रभारी हर्षिता बैरागी ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन नहीं किया। श्रमिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। यदि दोनों अधिकारी समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराते तो यह हादसा टाला जा सकता था। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया कि उनके लापरवाह रवैये के कारण ही मजदूर की जान गई। इस मामले में निगम ने इंजीनियरों की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्यवाही की। ठेका कंपनी पर भी केस दर्ज
उधर, ठेका कंपनी एन विराड के कर्मचारियों पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कंपनी के फील्ड इंजीनियर संजीव कुमार और तत्कालीन प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रारंभिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों को घटना के लिए जिम्मेदार माना है। कोलगवां थाना क्षेत्र में कृपालपुर के पास 25 सितंबर को हुई इस घटना में मजदूर अमित उर्फ संतकुमार कुशवाहा (40) की जान चली गई थी, जबकि दो अन्य कर्मचारी बेहोश हो गए थे। मृतक मूल रूप से पडुहार, थाना सभापुर का रहने वाला था और वर्तमान में नईबस्ती में रह रहा था। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद से अब तक 4 लोगों की मौत हुई
जानकारी के अनुसार, हादसे वाले दिन 25 सितंबर को तीन कर्मचारी सीवर चेंबर की सफाई के लिए उतरे थे। इस दौरान जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दो कर्मचारी बेहोश हो गए और तीसरे की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बेहोश कर्मचारियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गौरतलब है कि सतना शहर में सीवर प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद से अब तक पांच हादसे हो चुके हैं, जिनमें चार मजदूर अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद हर बार महज जांच कमेटी बनाकर मामले को दबा दिया जाता रहा। लेकिन पहली बार नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है और जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया है। इस मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सतना में सीवर लाइन प्रोजेक्ट ले रहा कर्मचारियों की जान:5 हादसों में 4 मजदूरों की मौत सतना में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे सीवर लाइन प्रोजेक्ट में लगातार हो रही लापरवाही ने कई मजदूरों की जान ले ली है। अब तक हुए 5 हादसों में 4 मजदूरों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को कृपालपुर वार्ड क्रमांक 16 में सीवर चैंबर की सफाई के दौरान 3 कर्मचारी हादसे का शिकार हुए थे। इनमें से एक अमित कुमार उर्फ संतराम कुशवाहा की मौत हो गई, वहीं 2 कर्मचारियों का इलाज चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर…


