श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर कस्बे में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। वार्ड 19 में बाबा रामदेव मंदिर के पास स्थित तेजाराम बारुपाल के मकान में चोरी हुई। तेजाराम अपने परिवार के साथ प्रयागराज गए हुए थे। चोरों ने रात एक से दो बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोर संदूक और अलमारियों से सोने के गहने और नकदी ले गए। पड़ोसियों ने मकान के टूटे ताले की सूचना दी। इस पर श्रीगंगानगर से तेजाराम की बेटी सरिता और उनके पति चंद्रमोहन रायसिंहनगर पहुंचे। जांच में पता चला कि चोर तीन सोने की अंगूठियां, कानों के दो झुमके, पांच तोला की आड़, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन और करीब 60 हजार रुपए की नकदी ले गए। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन युवक बाइक पर आते-जाते नजर आए हैं। पुलिस ने मौका मुआयना किया और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


