सीहोर जिले के अहमदपुर वन क्षेत्र के कोलूखेड़ी गांव में एक तेंदुआ दिखाई देने के बाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। तेंदुए का दिखाई देना गांव के लिए अचानक और डराने वाली घटना साबित हुई। तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि उस समय हुई जब उसका मूवमेंट गांव के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में तेंदुआ एक कुत्ते पर हमला करता नजर आया, हालांकि कुत्ता किसी तरह तेंदुए के चंगुल से बचकर भाग निकला। इस घटना के बाद से कोलूखेड़ी ही नहीं, बल्कि आसपास के एक दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग भी डरे हुए हैं। किसानों का कहना है कि तेंदुए की दहशत के कारण वे खेतों में काम करने जाने से कतराने लगे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। विभाग की टीमें इलाके में निगरानी कर रही हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।


