सीहोर में शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। 6 जनवरी से अगले आदेश तक जिले में सुबह की पाली में संचालित सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों की कक्षाएं प्रातः 9:30 बजे से शुरू होंगी। यह आदेश आंगनबाड़ी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी शालाओं पर लागू होगा। आंगनबाड़ी से 12वीं तक लागू आदेश यह आदेश केवल प्राथमिक या माध्यमिक स्कूलों तक सीमित नहीं है। आंगनबाड़ी, प्री-प्राथमिक, प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी छात्रों पर यह निर्णय समान रूप से लागू होगा। कलेक्टर के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह समय परिवर्तन जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय और सीबीएसई से संबद्ध शालाओं पर भी लागू रहेगा, ताकि किसी भी स्कूल में भ्रम की स्थिति न बने। नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश केवल स्कूल ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाए हैं। कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ठंड से बचाव के लिए राहत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाए। जिले के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल सके। रैन बसेरों को 24 घंटे खुला रखने के निर्देश कलेक्टर ने जिले के सभी रैन बसेरों को हर समय खुला रखने के आदेश दिए हैं। साथ ही वहां कंबल, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इन व्यवस्थाओं से बेसहारा, गरीब और जरूरतमंद लोगों को ठंड के मौसम में सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा और किसी भी तरह की जनहानि की संभावना को कम किया जा सकेगा। नगर निकायों को सौंपी जिम्मेदारी नगर पालिका, नगर परिषद और संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे नियमित निगरानी रखें और राहत व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करें। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।


