सीहोर जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस साल जिले में कुल 38,011 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 20,749 और कक्षा 12वीं के 17,262 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 101 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 5 परीक्षा केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्षों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दौरान जिला और विकासखंड स्तर पर निरीक्षण दल परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। वहीं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष प्रेक्षकों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो और परीक्षा सही तरीके से संपन्न हो सके।


