सीहोर में सड़क-नाली निर्माण में काम कर रहे नाबालिग:सीलकंठ पंचायत का मामला, सामाजिक कार्यकर्ता ने भैरुंदा पुलिस से की शिकायत

सीहोर जिले के सीलकंठ गांव में सड़क और नाली निर्माण कार्य में बाल श्रमिकों से काम कराने का मामला सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता इंद्राज बरखने ने इसकी शिकायत भैरुंदा थाने में दर्ज कराई है। निर्माण स्थल पर एक नाबालिग बालिका द्वारा काम करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंद्राज बरखने ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव में पंचायत द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में ठेकेदार राजेश पंवार बाल श्रमिकों का उपयोग कर रहे हैं। आरोप है कि करीब एक दर्जन से अधिक नाबालिग सुबह से शाम तक मजदूरी कर रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, ठेकेदार इन मजदूरों को बैतूल जिले से लाया है। बच्चों से खतरनाक और जोखिम भरा काम कराया जा रहा है, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगने का खतरा है। यह पूरी तरह गैरकानूनी है। बरखने ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पहले पंचायत में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदार भी इस काम में संलिप्त हैं। थाने में शिकायत के बाद भी ठेकेदार पर कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने श्रम विभाग को भी सूचित किया है। इस मामले पर भैरुंदा टीआई घनश्याम दांगी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार और मजदूरों के दस्तावेज बुलाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। श्रम पदाधिकारी सीहोर एसएन संगोले ने जानकारी दी कि उन्होंने इस संबंध में निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *