सीहोर जिले की रेहटी पुलिस ने एक हत्या के मामले में आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया है। थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। यह घटना 2 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे की है। 3 जनवरी को कमलेश पिता नब्बूलाल करोंची (35), निवासी ग्राम ढाबा, थाना रेहटी, जिला सीहोर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई रोहित करोंची (निवासी ग्राम ढाबा) की राहुल उईके (निवासी तजपुरा) ने पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी है। इस रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राहुल उईके को चकल्दी में देखा गया है। उपनिरीक्षक महेश सिंह धुर्वे अपनी टीम के साथ ग्राम चकल्दी पहुंचे और राहुल उईके (पिता भागचंद उईके, 31 वर्ष, निवासी ग्राम तजपुरा, थाना रेहटी, जिला सीहोर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राहुल उईके ने बताया कि 2 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे उसने ग्राम ढाबा के रोहित करोंची की हत्या की थी। आरोपी के अनुसार, रोहित ने उसे गंदी गंदी गालियां दी थीं, जिसके बाद उसने ग्राम ढाबा के पास जंगल में पड़े एक पत्थर से रोहित के सिर और मुंह पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद राहुल उईके वहां से भाग गया। उसने बताया कि उसने अपने साथी मिथुन बारिवा के साथ मिलकर मरियाडो के जंगल में खून से सने जैकेट और पजामे को जला दिया था। पुलिस ने आरोपी राहुल उईके को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मरियाडो के जंगल से जले हुए जैकेट के बटन और घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर जब्त किया। पुलिस ने राहुल उईके के साथी मिथुन बारिवा को भी गिरफ्तार कर लिया है।


