सीहोर में IG का वार्षिक निरीक्षण, परेड-बलवा ड्रिल की समीक्षा:वाहनों की कार्यशीलता जांची, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिसकर्मी पुरस्कृत

भोपाल जोन के पुलिस महानिरीक्षक (देहात) अभय सिंह ने शुक्रवार को सीहोर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली, परेड का निरीक्षण किया, बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया और पुलिस विभाग के वाहनों का जायजा लिया। पुलिस लाइन ग्राउंड, सीहोर में आयोजित परेड में पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे। रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव ने परेड की कमान संभाली। महानिरीक्षक ने परेड में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, मार्चिंग और आपसी समन्वय का बारीकी से अवलोकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया। निरीक्षण के दौरान बलवा सामग्री का भी अवलोकन किया गया, जिसमें जिले के पास उपलब्ध बलवा ड्रिल के सामानों की जांच की गई। विभिन्न प्रकार के ग्रेनेड सेल्स की उपलब्धता की समीक्षा की गई। बलवा ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया, जिसमें सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इसमें भीड़ नियंत्रण, आंसू गैस, वाटर कैनन, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा निर्माण और प्राथमिक चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने बलवे की स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई का विस्तार से मार्गदर्शन दिया और ड्रिल की प्रशंसा की। पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। इसमें सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के वाहन शामिल थे। इंटरसेप्टर व्हीकल, लाइट मोटरयान, भारी मोटरयान, वज्र वाहन, जेल वाहन, एफएसएल वाहन और डायल 112 की कार्य शीलता, रखरखाव और उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। परेड के बाद पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवास संबंधी समस्याओं और फोरेंसिक से जुड़ी चुनौतियों जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कुछ नीतिगत विषयों को भी उठाया गया, जिन पर पुलिस मुख्यालय और शासन स्तर पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *