सीहोर में PWD के विरोध में सड़क पर उतरे किसान:निर्माण में घटिया सामान का हो रहा इस्तेमाल, काम की रफ्तार धीमी, धूल से ग्रामीण बीमार

सीहोर जिले के चंदेरी, ढाबला और बिलकिसगंज क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों ने बिलकिसगंज रोड पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे पूरे इलाके में धूल और प्रदूषण फैल रहा है। रविवार को बिलकिसगंज जोड़ चौराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और किसान जमा हुए। लोगों ने सड़क निर्माण के दौरान उड़ रही धूल और घटिया निर्माण कार्य को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले चार–पांच महीनों से सड़क बन रही है, लेकिन काम सही तरीके से नहीं हो रहा। धूल और प्रदूषण से लोग बीमार ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है। इससे लोग खांसी, सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन जैसी बीमारियों से परेशान हो रहे हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और दमा के मरीजों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में खराब और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। पुराने डामर को निकालकर उसमें मिलावट कर दोबारा सड़क पर बिछाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बारे में पहले भी अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोग PWD अधिकारियों द्वारा कोई कदम न उठाने से नाराज होकर चंदेरी, ढाबला और बिलकिसगंज के लोगों ने दोबारा धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और उन्हें सीहोर जिले से हटाया जाए। स्थानीय लोगों ने बताया कि उड़ती धूल के कारण घरों, दुकानों और सड़कों पर धूल की मोटी परत जम जाती है। भारी वाहनों और खुदाई के कारण पूरा इलाका प्रदूषित हो गया है, जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *